अदवा नदी में मिला क्षत विक्षत शव की शिवबक्श की रूप में हुई पहचान

हलिया स्थानीय थाना क्षेत्र के अदवा नदी में मिले शव की शुक्रवार को पहचान हुई। हरसड़ गांव निवासी प्रभावती देवी ने मृत व्यक्ति के कपड़े से अपने पति के रुप में शिनाख्त की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हलिया थाना क्षेत्र के अदवा नदी के सोठिया गांव स्थित गोड़टूटवा घाट के सामने गुरुवार को एक 60 वर्षीय व्यक्ति का शव उतराया मिला था। आस-पास के लोगों ने शव उतराया देख पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर आस-पास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया था, लेकिन उस दिन पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस ने शव को मोर्चरी हाउस भेज दिया था। उधर नदी में शव मिलने की जानकारी होते ही हलिया के हरसड़ गांव निवासी प्रभावती देवी ने पुलिस से संपर्क किया। प्रभावती ने मोर्चरी हाउस पहुंचकर शव की पहचान अपने पति शिवबक्श दुबे के रुप में की। पति की मौत से पत्नी का रो रो कर हाल बेहाल हो गया।
प्रभावती ने बताया कि चार दिन पूर्व घर में आपसी विवाद हुआ था। विवाद के बाद पति घर से बगैर किसी को बताए ही निकल गए थे। आस-पास गांव व रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। गुरुवार को पति का शव अदवा नदी में उतराया मिला है। जलचरों ने चेहरे को क्षत विक्षत कर दिया है। कपड़े व पहनावे से शव की पहचान की है। कमर व पैर में रस्सी लगी हुई है। मृतक शिवबक्श दुबे के इकलौते बेटे मनोज की चार माह पहले पेट दर्द से मौत हो चुकी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शव की पहचान के बाद पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा हैकि वृद्ध की डूबने से मौत हुई है।

0/Post a Comment/Comments

Stay Conneted

Stay Here